सूरजपुर : जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, मकान सूचीकरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण प्रारंभ

Spread the love

बलरामपुर, 18 मार्च । भारत की जनगणना 2027 के पहले चरण की तैयारियों के तहत सूरजपुर जिले में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के लिए जिला स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। यह प्रशिक्षण 18 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण के कार्यों को सुव्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना है, ताकि जमीनी स्तर पर सटीक आंकड़े संकलित किए जा सकें।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का निर्माण, मकान नंबरिंग, ब्लॉक का नजरिया नक्शा तैयार करना, प्रगणक और सुपरवाइजर की नियुक्ति तथा सीएमएमएस पोर्टल पर कार्य करने की प्रक्रिया शामिल रही।

अधिकारियों ने बुधवार काे बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनगणना का कार्य प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुनील अग्रवाल, मास्टर ट्रेनर पी.सी. सोनी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।