कड़ी सुरक्षा के बीच नवादा में स्नातक व शिक्षक निर्वाचन का मतदान संपन्न

Spread the love

नवादा, 23 अक्टूबर । पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को नवादा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए बनाए गए 17 मतदान केंद्रों पर 68.95 प्रतिशत, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 14 मतदान केंद्रों पर 83.74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय के बाद भी शाम चार बजे तक कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी रहीं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनसुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह, जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और राजद प्रत्याशी दिलीप कुमार के बीच त्रिकोणात्मक मुकाबले के आसार दिखे। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नवल किशोर यादव और राजद प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर जनसुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में मतदाताओं की सक्रियता की चर्चा रही। हालांकि, मतदान के वास्तविक रुझान और प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।मतदान के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। अब उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को मतगणना के परिणाम का इंतजार है।

जिले में मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते रहे। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने दावा किया कि जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया गया।

इधर, जनसुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह ने मतदान के दौरान सत्ताधारी दल के पक्ष में अधिकारियों द्वारा काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कई जगहों पर उनके समर्थक मतदाताओं को मतदान से रोकने या बाधित करने का प्रयास किया गया। हालांकि, मतदाताओं की गोलबंदी के कारण ऐसे प्रयास सफल नहीं हो सके।