एक जिला एक उत्पाद समिट 22 मार्च को रतलाम में, एमएसएमई मंत्री काश्यप करेंगे शुभारंभ

Spread the love

भोपाल, 18 मार्च । मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों विशेष रूप से खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों एवं रतलामी नमकीन उद्योग से जुड़े व्यवसायियों के समग्र विकास, विपणन विस्तार तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 22 मार्च रविवार को रतलाम में एक दिवसीय “एक जिला-एक उत्पाद” समिट आयोजित की जाएगी।

एमएसएमई के आयुक्त दिलीप कुमार ने बुधवार को बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप समिट का शुभारंभ करेंगे। समिट का आयोजन होटल बालाजी सेन्ट्रल, सैलाना रोड, रतलाम में होगा। इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय नमकीन एवं खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना, उद्योगों को बड़े ब्रांड्स एवं संगठित बाजारों से जोड़ना तथा शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है, जिससे रतलामी पहचान को विख्यात किया जा सके। उन्होंने बताया कि “एक जिला-एक उत्पाद” के संवर्धन, बाजार पहुंच, निर्यात के अवसर उपलब्ध कराने, उनकी गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए प्रतिभागियों को मार्गदर्शन भी दिया। नवीन तकनीक से परिचित कराने एवं पैकेजिंग में सुधार संबंधी मार्गदर्शन के अलावा के नमकीन उत्पादों के लिए जीआई टैग पंजीयन की जानकारी भी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि समिट में हल्दीराम एवं आकाश जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स से जुड़ने का अवसर भी स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा। डी-मार्ट एवं रिलायंस जैसे बड़े रिटेल नेटवर्क तक पहुंच बनाने का यह मंच होगा। फ्लिपकार्ट एवं अमेजन के माध्यम से डिजिटल बाजार में विस्तार के अवसरों पर भी विमर्श होगा। समिट में एमएसएमई योजनाओं, स्टार्ट-अप पॉलिसी एवं अन्य शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। आयोजन में पैकेजिंग, खाद्य गुणवत्ता, लॉजिस्टिक, ई-कॉमर्स, ब्रांड, विधि इत्यादि क्षेत्रों से विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।