जयपुर, 22 मार्च । कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पोकरण में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने राज्य में आगामी एक सप्ताह हीटवेव नहीं चलने की संभावना व्यक्त की है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सीकर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर सहित करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश से रबी की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। दोपहर में पोकरण में कुछ स्थानों पर ओले गिरे। रविवार को बाड़मेर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां का अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को सबसे ज्यादा बारिश जैसलमेर में 13 मिमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। राज्य में आगामी एक सप्ताह हीटवेव की संभावना नहीं है।
जयपुर में शनिवार रात को हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि रविवार को दिनभर धूप खिली और हल्के एवं छितराए बादल नजर आए। तेज धूप खिलने से जयपुर के पारे में उछाल दर्ज किया गया। जयपुर के तापमान में करीब 3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों जयपुर में मौसम शुष्क रहने और पारे में उछाल आने की संभावना है।