बलरामपुर : विश्व क्षय दिवस पर टीबी उन्मूलन अभियान का दूसरा चरण शुरू

Spread the love

बलरामपुर, 24 मार्च । विश्व क्षय दिवस के अवसर पर जिले में 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया। बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्वलन कर अभियान की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया, वहीं टीबी मरीजों को पोषण सहायता के तहत फूड बास्केट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि, टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गांव-गांव पहुंचकर संभावित मरीजों की पहचान और जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर बीमारी को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत जांच कराकर नियमित उपचार लें।

अधिकारियों ने बताया कि, अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले गांवों को चिन्हित कर वहां एक्स-रे सहित आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बीते वर्षों में जिले की कई ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है और इस दिशा में लगातार प्रगति हो रही है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टीबी की जांच और इलाज शासन द्वारा निःशुल्क उपलब्ध है, साथ ही मरीजों को पोषण सहायता भी दी जाती है, जिससे उपचार में तेजी आती है।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, वजन कम होना, बुखार और रात में पसीना आना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में समय पर जांच और इलाज बेहद जरूरी है।

अंत में अतिथियों द्वारा निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गांव-गांव जाकर लोगों की जांच और जागरूकता का कार्य करेगा।