जयपुर, 25 मार्च । पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन वज्र प्रहार 2.0 के तहत जयपुर पश्चिम की साइबर सेल और झोटवाड़ा थाना पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूछताछ करने में जुटी है।
डीसीपी (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि जयपुर पश्चिम की साइबर सेल और झोटवाड़ा थाना पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस और बॉडी मसाज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के गजेंद्र यादव (23) निवासी फुलेरा (जयपुर ग्रामीण) और विकास रेबारी (20) निवासी किशनगढ़ रेनवाल जयपुर ग्रामीण जयपुर हाल झोटवाड़ा को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से दाे मोबाइल फोन, दस सिम कार्ड, पंद्रह यूपीआई आईडी, दो एटीएम कार्ड और एक बैंक पासबुक बरामद की है।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एस्कॉर्ट सर्विस के आकर्षक और भ्रामक विज्ञापन डालते थे । विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों को आरोपित विभिन्न पैकेजों का लालच देते थे । इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, एडवांस चार्ज, सर्विस और सिक्योरिटी चार्ज के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे ट्रांसफर करवा लिए जाते थे । जैसे ही पीड़ित पैसा जमा करता, आरोपित अपना मोबाइल नंबर बंद कर देते या पीड़ित को ब्लॉक कर देते थे । पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदातें खुलने की आशंका जताई जा रही है।