पौड़ी गढ़वाल, 25 मार्च । जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिला स्तरीय सलाहकार समिति (सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जनस्वास्थ्य की सुरक्षा व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सैंपलिंग के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में कमी पर नाराज़गी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने रुद्रपुर स्थित राजकीय प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने में हो रही देरी पर भी गंभीरता जताई और संबंधित प्रयोगशाला को पत्राचार कर रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख़्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
खाद्य पदार्थों की मौके पर ही जांच सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की तत्काल जांच कर शीघ्र परिणाम प्राप्त किए जा सकें तथा आवश्यकतानुसार कार्रवाई संभव हो सके। डीएम ने जनपद के पौड़ी, श्रीनगर तथा कोटद्वार क्षेत्र में स्थित स्लॉटर हाउस को एक माह के भीतर संचालित करने के निर्देश भी दिए। कहा कि जहां स्लॉटर हाउस अभी तक स्थापित नहीं हैं, वहां आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी आशा रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल आदि शामिल रहे।