चित्तौड़गढ़, 29 मार्च । आईजी उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी व एरिया डोमिनेश के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों की 98 विशेष टीमों में शामिल 615 पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कुल 198 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्यवाही के दौरान चार प्रकरण एनडीपीएस एक्ट, 11 प्रकरण आबकारी अधिनियम, तीन प्रकरण आर्म्स एक्ट व अन्य एक्ट में प्रकरण दर्ज कर 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़, गिरफ्तारी एवं एरिया डोमिनेंस के लिए “ऑपरेशन प्रहार” अभियान जिले में एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के सुपरविजन में रविवार को संपूर्ण जिले में चलाया गया। सभी वृत एवं थानावार अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी धरपकड़ के लिए अलग अलग टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के शहर चित्तौड़गढ़, ग्रामीण चित्तौड़गढ़, गंगरार, कपासन, बेगू, रावतभाटा, बड़ीसादड़ी, निम्बाहेड़ा व भदेसर वृत्त के समस्त वृत्ताधिकारी एवं थानाधिकारियों के नेतृत्व में कुल 98 विशेष टीमें गठित की गई। इसमें समस्त थाना, पुलिस लाइन के जाब्ता सहित पुलिस कर्मियों को एकत्रित किया गया। रविवार तड़के से कुल 615 पुलिस कर्मियों ने 530 संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी। यहां से विभिन्न मामलों में वांछित चल रहे स्थाई वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी, उदघोषित अपराधी, धारा 335 बीएनएसएस में वांछित, विभिन्न प्रकरणों में वांछित एवं अन्य अधिनियमों सहित कुल 198 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें विभिन्न प्रकरणों के अपराध में वांछित 15 अपराधी, स्थाई वारंटी, मफरूरी में वांछित, गिरफ्तारी वारंटी, सामान्य प्रकरणों में वांछित 76 अपराधी व निरोधात्मक कार्यवाही में 90 अपराधी सहित कुल 198 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इसमें सबसे अधिक शहर चित्तौड़गढ़ में 23 अपराधियों को दबोचा गया। 07 टॉप 10 वांछित अपराधियों, दो ईनामी अपराधियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त कार्यवाही के दौरान पुलिस ने 167 हिस्ट्रीशीटर, 5 हार्डकोर अपराधी व 61 पूर्व में चालान शुदा अपराधियों को चैक किया गया। 37 व्यक्तियों को बीएनएसएस की धाराओं में पाबंद किया गया है।
भादसोड़ा पुलिस ने पकड़ी एक किलो से ज्यादा अफीम
एसपी ने बताया कि अभियान में उक्त कार्यवाही के दौरान 4 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट, 11 प्रकरण आबकारी अधिनियम, 03 प्रकरण आर्म्स एक्ट व 9 प्रकरण अन्य अधिनियम में दर्ज कर कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें भादसोड़ा थाना पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 1 किलो 708 ग्राम अवैध अफीम भी जब्त की गई हैं। उक्त एरिया डोमिनेशन के दौरान पुलिस ने उदयपुर जिले के 10 हजार रुपए के ईनामी बदमाश लक्ष्मण उर्फ लक्की पुत्र गणपतलाल उर्फ जगदीश डांगी निवासी नारायणपुरा थाना भिंडर उदयपुर को बस्सी थाना पुलिस ने तथा प्रतापगढ़ जिले के 5 हजार रुपए के ईनामी आरोपी फिरोज पुत्र हमीद खान निवासी ऊंचा थाना निम्बाहेड़ा सदर को डूंगला थाना पुलिस ने डिटेन किया है।