बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने जयशंकर से मुलाकात की

Spread the love

नई दिल्ली, 08 अप्रैल । बांग्लादेश की नई सरकार के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने अपने पहले भारत दौरे में बुधवार को विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने संबंधों को और मजबूत करने की भारत की इच्छा को दोहराया। मुलाकात के बाद विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य में उम्मीद जताई है कि इसके बाद की आधिकारिक बैठकें जल्द ही आयोजित की जाएंगी।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बुधवार को नई दिल्ली में बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान से मुलाकात की। इस बैठक में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर भी उपस्थित थे।

इस दौरान जयशंकर ने नई सरकार के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की इच्छा को दोहराया। दोनों पक्ष संबंधित द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से साझेदारी को गहरा करने के प्रस्तावों पर विचार करने पर सहमत हुए। इसके अलावा, दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री रहमान ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की।

उल्लेखनीय है कि शेख हसीना की सरकार के तख्तापलट के बाद हुए चुनाव में बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में नई सरकार सत्ता में आई है।