गांव चलो-घर चलो अभियान: आमदी में चला भाजपा का जनसंपर्क

Spread the love

धमतरी, 12 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के “गांव चलो, घर चलो अभियान” के तहत रविवार को नगर पंचायत आमदी में व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ नगर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर आमजन, हितग्राहियों और सामाजिक प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद रंजना साहू ने घर-घर पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी। उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए।

जनसंपर्क के दौरान स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए रंजना को साहू स्वयं साफ-सफाई अभियान में शामिल हुईं और लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने का सशक्त माध्यम है। स्वच्छता को हर नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए उन्होंने कहा कि जागरूकता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। रंजना साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोगों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहू ने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। साथ ही उन्होंने रंजना साहू के नेतृत्व की सराहना करते हुए विकास कार्यों में तेजी आने की बात कही।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष कोमल यादव, पार्षद उमानंद कुंभकार, जितेंद्र पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।