जयपुर, 14 अप्रैल । श्री सेन जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में सेन जयंती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 351 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें समाजजनों की बड़ी भागीदारी रही।
समिति के संयोजक घनश्याम सेन लाडू वालों ने बताया कि कलश यात्रा पुरानी बस्ती स्थित सेन जी महाराज मंदिर से रवाना होकर पारीक कॉलेज रोड होते हुए झोटवाड़ा स्थित नारायणी माता मंदिर पहुंची। यात्रा में हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और लवाजमे के साथ पुरुष, महिलाएं और बच्चे एक समान वेशभूषा में शामिल हुए। श्रद्धालु कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए सेन महाराज के जयकारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा में सेन महाराज की सजीव चित्र झांकी मुख्य आकर्षण रही, वहीं मार्ग में जगह-जगह समाज बंधुओं ने यात्रा का स्वागत किया।
महोत्सव के तहत मंदिर परिसर में गोपाल सेन एंड पार्टी द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। भगवान सेन महाराज की फूलों से सजी आकर्षक झांकी सजाकर विभिन्न मिष्ठानों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का माला, दुपट्टा, शॉल व पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य और सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने उपस्थित होकर मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने समाजजनों को एकता और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अंत में विशाल पंगत प्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल और उल्लास देखने को मिला।