भागलपुर, 17 अप्रैल । भागलपुर के समीक्षा भवन में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में नगर आयुक्त भागलपुर नगर निगम, नगर परिषद नवगछिया एवं सुल्तानगंज एवं भागलपुर के सभी नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त भागलपुर नगर निगम को भागलपुर शहर में बनाए जाने वाले चारों पार्क के डिजाइन, एस्टीमेट एवं नक्शा की समीक्षा संबंधित के साथ कर लेने के निर्देश दिए। वहीं शहरी क्षेत्र में होल्डिंग टैक्स एवं अन्य राजस्व संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। नगर निकाय क्षेत्र में दुकानों का तेजी से पंजीकरण कराने तथा बिल्डिंग बायलॉज का अनुपालन करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए नगर निगम क्षेत्र में जितने भी सीमेंट छड़ विक्रेता हैं उनके साथ बैठक कर शहर को स्वच्छ एवं साफ सुथरा बनाए रखने को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रायः देखा जा रहा है कि शहरी क्षेत्र में यत्र तत्र किसी के भी द्वारा बैनर पोस्टर लगा दिया जा रहा है। ऐसा नहीं हो इसके लिए सभी प्रिंटिंग प्रेस के साथ नगर निकाय के पदाधिकारी बैठक कर शहर को स्वच्छ एवं साफ बनाए रखें। बैठक में नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा, जिला गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी सुधीर कुमार, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक दुर्गा शंकर, सभी नगर परिषद एवं नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित थे।