टॉप-10 अपराधी प्रदीप कुमार सिंह एसटीएफ व पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में गिरफ्तार

Spread the love

सीवान, 17 अप्रैल । सीवान जिले में सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सीवान पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र से टॉप-10 सूची में शामिल कुख्यात अपराधी प्रदीप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

इस संबंध में एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अप्रैल को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधी प्रदीप कुमार सिंह भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के कौड़ियां सरसिंहा टोला निवासी नंद देव सिंह का पुत्र है। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भगवानपुर हाट थाना कांड संख्या 439/24 सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वांछित था। एसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।