हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 19 अप्रैल । शहर में एक बड़ी आपराधिक घटना को उलीडीह पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। रविवार तड़के शंकोसाई स्थित टावर मैदान इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि युवक अपने ही दोस्तों से मारपीट का बदला लेने के इरादे से निकला था और किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।

रविवार को मामले की जानकारी देते हुए पटमदा डीएसपी बच्चनदेव कुजूर ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 3:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को गुप्त सूचना मिली थी कि टावर मैदान के आसपास एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें उलीडीह ओपी की पुलिस और सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध युवक ने भागने की कोशिश की, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान शंकोसाई निवासी अवधेश कुमार यादव के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि शनिवार शाम को शराब के नशे में उसके अपने ही दोस्तों के साथ विवाद हो गया था, जो मारपीट तक पहुंच गया। इसी घटना से आहत होकर उसने बदला लेने की ठान ली और रात में घर से कट्टा लेकर दोस्तों की तलाश में निकल पड़ा। वह उन पर हमला करने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में डीएसपी बच्चनदेव कुजूर के नेतृत्व में उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, एसआई विजय कुमार, अभिषेक कुमार और एएसआई नरेन्द्र कुमार राय समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानगो स्थित उलीडीह ओपी थाना में कांड संख्या 90/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है।

पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।