पश्चिमी सिंहभूम, 19 अप्रैल । पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा में बंदियों को त्वरित न्याय और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल कारा परिसर में रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जेल अदालत के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।
यह आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जेल अदालत के लिए गठित न्यायिक दंडाधिकारी मंजीत कुमार साहु की अध्यक्षता में बंदियों से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न मामलों की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई, जिससे बंदियों को शीघ्र न्याय मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से पुरुष एवं महिला बंदियों के लिए चिकित्सा जांच शिविर लगाया गया। इस शिविर में बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए गए।
इस अवसर पर एलएडीसी के उप प्रमुख सुरेंद्र प्रसाद दास, सहायक एलएडीसी पूजा चौरसिया, जेल अधीक्षक सुनील कुमार सहित न्यायालय के कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों को न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाना और उनके स्वास्थ्य की समुचित देखभाल सुनिश्चित करना रहा।