बलरामपुर में पहाड़ी कोरवा विकास पर फोकस, पीवीटीजी हाउसहोल्ड सर्वे से योजनाओं का मिलेगा सटीक आधार

Spread the love

बलरामपुर, 21 अप्रैल । जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समूह (पीवीटीजी) के अंतर्गत आने वाले पहाड़ी कोरवा समुदाय के समग्र विकास को गति देने के लिए व्यापक हाउसहोल्ड सर्वे शुरू किया गया है। ‘सर्वे सेतु’ एप के माध्यम से चल रहे इस अभियान का उद्देश्य समुदाय की वास्तविक सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सटीक आकलन कर योजनाओं को और प्रभावी बनाना है।

आदिवासी विकास विभाग के अनुसार, सर्वेक्षण के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर राजेंद्र कटारा की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समिति और जनपद स्तर पर समितियों का गठन किया गया है, जो पूरे कार्य की लगातार निगरानी और मार्गदर्शन कर रही हैं। सर्वे के लिए बलरामपुर, कुसमी, राजपुर और शंकरगढ़ विकासखंडों के सर्वेक्षकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है, जिसके बाद करीब 5000 हाउसहोल्ड का सर्वे किया जा रहा है।

इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी कोरवा बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं, आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से जुड़े अंतराल की पहचान करना है। सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर समुदाय की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप योजनाओं का लक्षित और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल पहाड़ी कोरवा समुदाय के जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पारदर्शी और सही हितग्राहियों तक पहुंच सकेगा।