पूर्वी सिंहभूम, 21 अप्रैल । जिले के पोटका थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की पहचान को लेकर तस्वीर धीरे-धीरे साफ हो रही हैं। इस दुर्घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें गम्हरिया के मुड़कुम निवासी बिपिन लोहार की पहचान हो चुकी है, जबकि दूसरे मृतक बाइक सवार की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है।
बताया जाता है कि बिपिन लोहार हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरा मृतक बाइक सवार घटनास्थल पर ही दम तोड़ चुका था, लेकिन उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
इस हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों में जोजोसाई के ठाकराई हांसदा, सालगे मार्डी, राडुड के रायसेन सरदार, सालगे सोरेन, रांगा सरदार और पोटका की मुस्कान मंडल सहित अन्य शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया है।
घटना मंगलवार दोपहर हाता-जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम से ओड़िशा की ओर जा रही एक कार रेलवे क्रॉसिंग पर बने बम्पर से उछलकर अनियंत्रित हो गई और उसने पैसेंजर से भरे टाटा मैजिक और दो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो का कहना है कि जल्द ही दूसरे मृतक की पहचान भी कर ली जाएगी।