जींद, 22 अप्रैल । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने बुधवार को पॉलीक्लीनिक पर छापेमारी की। इस दौरान चिकित्सक और स्टाफ गायब मिला। सफाई व्यवस्था का बुरा हाल था और सीसी टीवी कैमरे भी बंद पाए गए। डिप्टी स्पीकर ने नदारद रहे स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई व विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देने की बात कही। डिप्टी स्पीकर ने निरीक्षण के दौरान पॉलीक्लीनिक में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल पाया तो मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों को लताड़ लगाई। सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए जाने पर संदेह व्यक्त किया।
गौरतलब है कि जींद पॉलीक्लीनिक में उपचार न मिलने को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिस पर बुधवार को डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने जींद पॉलीक्लीनिक का निरीक्षण किया। छापे के दौरान पॉलीक्लीनिक में चिकित्सक और अन्य स्टाफ सदस्य गायब पाए गए। ओपीडी समय के दौरान भी वार्ड में कोई मौजूद नही था। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सफाई व्यवस्था की जांच में पॉलीक्लीनिक की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कमरों में कचरा था, जैसे वह कई दिनों से खुले नही हों। इसके अलावा सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसी टीवी कैमरे भी बंद मिले। जो स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व स्वास्थ्य अधिकारियों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। इस छापेमारी से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अगले कुछ दिनों में पॉलीक्लीनिक की समीक्षा बैठक बुलाई जाए और सभी कमियों को दूर किया जाए।
डिप्टी स्पीकर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुमन कोहली से पॉलीक्लीनिक व यहां मौजूद पंचक्रम व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी हासिल करनी चाहिए और स्टाफ की अनुपस्थिति और सुविधाओं की कमी पर सवाल पूछे तो वो इन सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि नदारद रहे स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाएं जनता की मौलिक जरूरत हैं और इन्हें किसी भी कीमत पर लापरवाही का शिकार नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने डीसी और सीएमओ को निर्देश दिए कि अनुपस्थित स्टाफ की सूची तैयार कर तुरंत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारने और सीसीटीवी कैमरों को चालू करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने को कहा।