यमुनानगर, 22 अप्रैल यमुनानगर पुलिस की कलानौर चौकी टीम ने गोवंश तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो बैल भी बरामद किए हैं। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी राजीव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति वाहन के माध्यम से गोवंश को उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर टीम का गठन कर तत्काल नाकाबंदी की गई।
इसी दौरान अंबाला से आ रही एक महिंद्रा पिकअप को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो बैल लदे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। जांच के दौरान चालक ने अपना नाम हरदेव सिंह निवासी गांव अलीपुर, जिला पंचकूला तथा दूसरे व्यक्ति ने मदन पाल निवासी गांव भारूवाला, जिला हरिद्वार बताया। पूछताछ में दोनों आरोपी गोवंश के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, परमिट या चिकित्सीय प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के अनुसार, आवश्यक कागजात न होने के चलते दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।