अररिया 23 अप्रैल। डीएम विनोद दूहन की अध्यक्षता में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों, गैस आपूर्ति व्यवस्था एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पंचायत चुनाव के अंतर्गत प्रपत्र-1 के प्रकाशन एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ संपन्न किया जाए।
समीक्षा के क्रम में एसआईआर के दौरान चिन्हित मृत्यु मामलों के आधार पर विभिन्न योजनाओं में लाभुकों के नाम विलोपन की स्थिति की भी जांच की गई। जिलाधिकारी ने राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं आयुष्मान भारत योजना में मृत व्यक्तियों के नाम शीघ्र हटाने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंच सके।
बैठक में गैस आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई और यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी क्षेत्रों में समय पर एवं सुचारु आपूर्ति बनी रहे। जिलाधिकारी द्वारा डिलीवरी कैपेसिटी को बढ़ाने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही पदाधिकारियों एवं कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।