सीवान, 23 अप्रैल । सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर पेट्रोल पंप के समीप झाड़ियों में मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष मोहन कुमार निराला एवं एएसआई जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बरामद कंकाल को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मानव कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। साथ ही, डीएनए परीक्षण और फोरेंसिक जांच के लिए इसे मुजफ्फरपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कंकाल कितने समय पुराना है, मृतक की उम्र क्या थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।