लक्सर में दिनदहाड़े कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, नकाबपोशों ने बरसाईं गोलियां

Spread the love

हरिद्वार, 27 अप्रैल । लक्सर क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाड़ीटीप गांव के पास बाइक सवार दो नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक कार का पीछा कर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली कार की खिड़की में जा धंसी, जबकि कार में सवार दो महिलाओं समेत पांच लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस को दी तहरीर में दाबकी निवासी डॉ. सुमित चौधरी ने बताया कि वह अपनी सास बालेश देवी की आंखों की जांच कराने हरिद्वार गए थे। उनके साथ कार में पूर्व ग्राम प्रधान भंवर सिंह, शीला देवी और साला सुमित पवार भी मौजूद थे। आंखों का चेकअप कराने के बाद सभी लोग शाहपुर-भोगपुर मार्ग से भिक्कमपुर लौट रहे थे।

जैसे ही उनकी कार बाड़ीटीप गांव के पास पहुंची, पीछे से सिल्वर रंग की बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने कार के बराबर बाइक लगाई और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली कार की पिछली खिड़की में लगी। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया मामले में तहरीर मिल गई है। जल्द ही आरोपितों को पड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।