सूरजपुर चलित थाना अभियान: 18 गांवों में पहुंची सूरजपुर पुलिस, मौके पर शिकायतों का निराकरण

Spread the love

सूरजपुर, 28 अप्रैल ।जनसेवा को गांव-गांव तक पहुंचाने और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस ने चलित थाना अभियान शुरू किया है। 27 और 28 अप्रैल को जिले के 18 गांवों में शिविर लगाकर पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।

डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर थाना-चौकी प्रभारियों ने गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने बताया कि चलित थाना का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए थाने तक न जाना पड़े, बल्कि पुलिस खुद उनके बीच पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और पुलिस के प्रति भरोसा भी बढ़ा है।

अभियान के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध को लेकर विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया। ग्रामीणों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे नए साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने समझाया कि फर्जी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराकर पैसे वसूले जाते हैं। ऐसे मामलों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

इसके साथ ही म्यूल अकाउंट, एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी, बैंक अधिकारी बनकर गोपनीय जानकारी लेने जैसे अपराधों से बचने के उपाय भी बताए गए। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए बनाए गए अभिव्यक्ति ऐप की जानकारी दी गई, वहीं यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने की अपील भी की गई।

चलित थाना के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अवैध शराब, नशे के कारोबार, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने की अपील की, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर ‘गुड सेमेटेरियन’ बनने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षा, जागरूकता और त्वरित न्याय का लाभ उनके गांव में ही मिल सके।