फतेहाबाद : होटल में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

फतेहाबाद, 03 मई । सीआईए टोहाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के नेटवर्क के खिलाफ चल रही अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में पहले ही दो मुख्य आरोपियों को दबोच चुकी है और अब इस तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी से सट्टेबाजी के इस गिरोह पर शिकंजा और कस गया है। रविवार को सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि कुछ समय पूर्व पुलिस टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर मिलन चौक स्थित पिंक स्टोन होटल के एक कमरे में छापेमारी की थी। उस छापेमारी के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ था। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, लेनदेन के रजिस्टर और सट्टा संचालित करने में इस्तेमाल होने वाला अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सुनील उर्फ सोनू पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी सपड़ा मोहल्ला, टोहाना के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस पूरे मामले में थाना टोहाना में 18 अप्रैल को हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट 2025 की धारा 3 और 4 के तहत पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस क्रिकेट बुक के तार और किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं और सट्टेबाजी का यह पैसा कहां-कहां खपाया जा रहा था।