सुपौल, 08 मई । जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर NH-27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक किशनगंज जिले के बीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरिया किशनगंज निवासी सत्यनारायण मंडल के 25 वर्षीय पुत्र मजनू कुमार मंडल है।
बताया जा रहा है कि वह NH-27 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में पिचिंग मशीन पर उपचालक के रूप में कार्यरत था। मृतक के साथी उत्तर प्रदेश निवासी नीरज यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मजनू कुमार बाइक से किसी निजी काम से सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस वाहन से घायल युवक को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।