मीरजापुर, 17 मई । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा थाना साइबर सेल टीम ने साइबर ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 90 हजार रुपये वापस कराए हैं। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित ने रविवार को पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, 1 जून 2025 को राजेश कुमार निवासी पटवा टोला थाना अहरौरा ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात व्यक्ति ने फोन कॉल के माध्यम से बिजनेस का लालच देकर उसके खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद थाना अहरौरा साइबर सेल टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 90 हजार रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
रविवार को पीड़ित राजेश कुमार थाने पहुंचकर पुलिस टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान साइबर सेल टीम ने उन्हें साइबर अपराधों से बचाव एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के संबंध में जागरूक भी किया।
साइबर सेल टीम में अजय कुमार मिश्र, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह एवं महिला आरक्षी महिमा शामिल रहे।