पटना, 21 मई । खान एवं भूतत्व विभाग में गुरुवार को नव-नियुक्त 08 खनिज विकास पदाधिकारियों ने अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी। मंत्री द्वारा सभी पदाधिकारियों को “शुभकामना पत्र” भी वितरित किया गया।
खान मंत्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार एवं विभाग नव नियुक्त पदाधिकारियों की हर संभव सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर रहेगा। सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करते हुए बिहार तथा विभाग का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
मंत्री ने कहा कि बिहार खनिज संसाधनों की दृष्टि से समृद्ध राज्य है और खनन क्षेत्र राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में नव नियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। सभी नव-नियुक्त खनिज विकास पदाधिकारी ऊर्जा से भरपूर हैं और बिहार के खनन क्षेत्र को नई ऊर्जा देंगे।
इस अवसर पर विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विभागीय कार्यों में अनुशासन, जवाबदेही एवं जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव एवं ज्ञान को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू कर राज्य के खनन प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।