प्रयागराज, 26 मई । ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार और गंगा दशहरा के पावन अवसर पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) परिवार की ओर से इंदिरा भवन परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण की भावना से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर आयोजित इस भंडारे का शुभारंभ मंगलवार दोपहर इंदिरा भवन परिसर स्थित पोडियम पर किया गया। कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और नागरिकों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे के दौरान प्रयागराज के मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज , अपर आयुक्त (नगर), सचिव, मुख्य अभियंता समेत प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय योगदान दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि बड़े मंगल और गंगा दशहरा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व समाज में सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से सामाजिक सद्भाव और जनसहभागिता को भी बढ़ावा मिलता है।
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। पीडीए परिवार की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे जनसेवा का सराहनीय उदाहरण बताया।