हरिद्वार में 1 लाख 24 हजार राशन कार्ड धारकों ने नहीं कराई ई- केवाईसी

Spread the love

हरिद्वार, 31 मई । हरिद्वार जनपद के 27 फीसदी राशन कार्ड धारकों ने अभी तक ऑनलाइन सत्यापन नहीं कराया है। जनपद में करीब चार लाख 60 हजार राशन कार्ड बने हुए है। इन राशनकार्ड धारकों से जुलाई माह तक अपनी ई केवाईसी कराने को कहा गया है। सत्यापन नहीं कराने पर राशनकार्ड को विभागीय पोर्टल पर निष्क्रिय कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने राशनकार्ड धारक उपभोक्ताओं से जुलाई तक अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराने की अपील की है।सत्यापन नहीं करने पर राशनकार्ड निष्क्रिय कर दिए जाने की चेतावनी दी गई है।

दरसल जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग राशन कार्ड में दर्ज यूनिटों की ई-केवाईसी कर रहा है। जिले में 73 फीसदी राशन कार्डों (3 लाख 36 हजार)की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। लेकिन 27 फीसदी (एक लाख 24 हजार) राशन कार्ड उपभोक्ताओं ने अपनी ई केवाईसी नहीं कराई है।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि उपभोक्ता संबंधित राशन की दुकान पर जाकर अथवा खुद ऑनलाइन एप्लिकेशन के द्वारा अपनी ई-केवाईसी करा सकते है। जिले में करीब 4 लाख 60 हजार राशन कार्ड धारकों को लगभग 604 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से सरकारी राशन उपलब्ध कराया जाता है।