बलरामपुर : एक्शन मोड में कलेक्टर मैडम, कहा- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Spread the love

बलरामपुर, 09 जून । बलरामपुर जिले की नई कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में प्रशासन की कार्य दिशा और प्राथमिकताओं को साफ कर दिया। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और सरकारी सेवाओं में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पोषण और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों तक भी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान निजी विद्यालयों से जुड़े सवाल भी उठे। इस पर कलेक्टर ने कहा कि निजी स्कूलों के संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि किसी स्कूल द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है या अभिभावकों की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था मजबूत करने और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसके साथ ही गांवों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्य केवल शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। प्रशासन की कोशिश होगी कि वनांचल और दूरस्थ गांवों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचें तथा लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो।

जनसुविधाओं के रखरखाव और त्वरित मरम्मत के लिए प्रशासन ने विशेष मेंटेनेंस वाहन “1099” शुरू किया है। यह वाहन चौबीसों घंटे आवश्यक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान में सहयोग करेगा। प्रारंभिक तौर पर इसकी शुरुआत राजपुर और शंकरगढ़ विकासखंडों से की गई है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय की जाएगी।