सारण पुलिस ने हथियार और शराब के साथ 38 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

Spread the love

सारण, 20 जून । पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पिछले 24 घंटों में आपराधिक तत्वों और शराब कारोबारियों के खिलाफ सफलता हासिल की है। इस सघन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न मामलों में कुल 38 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में पंद्रह वारंटी, शराब कारोबार से जुड़े पांच, शराब के सेवन में दस, हत्या के प्रयास में चार, तथा पोक्सो, अपहरण व चोरी के मामलों में शामिल अभियुक्त शामिल हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने तीन देशी कट्टा और 17 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

इसके अतिरिक्त, शराबबंदी कानून को कड़ाई से लागू करते हुए पुलिस ने कुल 875.6 लीटर अवैध शराब जिनमें 135 लीटर देशी, 285.6 लीटर विदेशी और 455 लीटर स्प्रिट और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस ने एक अपहृत और पांच अपहृता को भी बरामद किया। वहीं यातायात सुरक्षा के तहत 56 वाहनों से 1,05,500 रुपये का अर्थदण्ड लिया है।