देहरादून, 11 अक्टूबर । उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से रविवार को सहायक कृषि अधिकारी समेत विभिन्न पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की गईं। सहायक कृषि अधिकारी और सहायक समूह-3 के रिक्त पदों के लिए देहरादून और नैनीताल (हल्द्वानी) में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें 87.36 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, विज्ञापन संख्या 77 के तहत सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-3 और सहायक समूह-3 के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई।
इसके अतिरिक्त विज्ञापन संख्या 74 के तहत कलाकार, मानचित्रकार और विधि सहायक पदों के लिए भी लिखित परीक्षाएं कराई गईं। कलाकार पद की परीक्षा में 64 प्रतिशत, मानचित्रकार पद की परीक्षा में 55.10 प्रतिशत और विधि सहायक पद की परीक्षा में 61.62 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
आयोग ने परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए थे। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी दर्ज की गई। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए आयोग कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया, जहां से परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई।
आयोग ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग के लिए देहरादून और नैनीताल जिला प्रशासन सहित परीक्षा आयोजन में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।