जींद, 30 जून । सीआईए स्टाफ जींद ने शराब ठेके के बाहर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
सीआईए स्टाफ जींद के ईचांर्ज निरीक्षक अनूप कुमार ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि थाना जुलाना में गांव निर्जन निवासी विकास ने 18 जून को दी शिकायत में बताया था कि उसका गांव शामलो कलां में शराब का ठेका है।
देर शाम सेल्जमैन ने बताया कि गाड़ी में सवार युवकों ने शराब ठेके के बाहर हवाई फायर किए हैं। सूचना पाकर जब वह शराब ठेके पर पहुंचा तो फायरिंग करने वाले युवक वहां से जा चुके थे। जब उसने शराब ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फूटेज को देखा तो गांव शामलो खुर्द निवासी हैप्पी तथा पांच-छह अन्य युवक दिखाई दिए, जिसमें हैप्पी व एक अन्य फायर कर रहे हैं। जबकि अन्य के हाथों में भी हथियार दिखाई दे रहे हैं।
जुलाना थाना पुलिस ने शराब ठेकेदार विकास की शिकायत पर हैप्पी को नामजद कर पांच अन्य के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, दहशत फैलाने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर सीआईए स्टाफ जींद ने मुख्य आरोपित हैप्पी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।