पौड़ी गढ़वाल, 30 जून । आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने मंगलवार को आयुक्त सभागार में निर्माण एवं अवसंरचना से जुड़े 14 विभागों की समीक्षा बैठक लेते हुए विकास परियोजनाओं में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं जाममुक्त आवागमन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मार्ग पर चिन्हित क्रिटिकल एवं डेंजर जोन का प्राथमिकता के आधार पर उपचार किया जाए। जिन स्थानों पर प्रतिवर्ष भूस्खलन की समस्या आती है, वहां स्थायी सुरक्षा कार्य किए जाएं, ताकि यात्रा निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने बाईपास, सुरंगों एवं प्रमुख सड़क परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि जो परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं अथवा पूर्ण होने की स्थिति में हैं, उन्हें इसी वर्ष पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए। उन्होंने मंडल की सभी 41 विधानसभा क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों का विधानसभावार विवरण, स्वीकृत धनराशि, कार्य प्रारंभ होने की तिथि एवं वर्तमान प्रगति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की पूर्ण एवं अपूर्ण स्थिति का अद्यतन विवरण भी प्रस्तुत करने को कहा। आयुक्त ने मंडलीय अधिकारियों को नियमित रूप से जनपदों का भ्रमण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वर्षाकाल के दौरान प्रतिदिन बंद एवं चालू सड़कों की अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अर्थ एवं संख्या अधिकारी (मंडलीय) शिल्पा भाटिया जोशी, मुख्य अभियंता स्तर-1 लोनिवि ओम प्रकाश, अधीक्षण अभियंता लोनिवि महिपाल सिंह रावत आदि शामिल रहे।