सफाई कर्मियों को पूरा मानदेय दिलाने के लिए सरयू राय ने किया हस्तक्षेप

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम, 17 जुलाई । अधिसूचित क्षेत्र समिति (अक्षेस) के अंतर्गत कदमा क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों की मानदेय संबंधी शिकायत पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने हस्तक्षेप किया है। इसे लेकर शुक्रवार को कदमा क्षेत्र के कई सफाई कर्मचारी अपनी समस्याओं को लेकर बिष्टुपुर स्थित विधायक सरयू राय के आवास पहुंचे और उन्हें अपनी परेशानी से अवगत कराया।

सफाई कर्मचारियों ने विधायक को बताया कि संबंधित ठेकेदार उन्हें सरकार की ओर से निर्धारित मानदेय से कम राशि का भुगतान कर रहा है, जबकि उनसे नियमित रूप से पूरा कार्य कराया जाता है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उन्हें निर्धारित मानदेय का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक सरयू राय ने तत्काल जमशेदपुर अक्षेस के नगर आयुक्त से फोन पर बातचीत की। उन्होंने नगर आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय का पूर्ण भुगतान सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

नगर आयुक्त ने विधायक को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी संवेदक द्वारा तय मानदेय से कम भुगतान किए जाने की पुष्टि होती है, तो इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी सफाई कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय का पूरा भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा।

इस दौरान असंगठित मजदूर प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि अमित शर्मा, जदयू युवा मोर्चा के अध्यक्ष नीरज सिंह सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।