पंचलेश्वर महादेव मंदिर विवाद ने पकड़ा तूल, पुजारी फिर पहुंचे एसडीएम की चौखट

Spread the love

हरिद्वार, 17 जुलाई । लक्सर क्षेत्र के पचेवली गांव स्थित प्राचीन पंचलेश्वर महादेव मंदिर को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। मंदिर के पुजारी यति शिवानंद ने एक बार फिर उत्पीड़न, धमकी और मंदिर छोड़ने का दबाव बनाए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ लक्सर तहसील पहुंचकर एसडीएम अनिल शुक्ला से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मंदिर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

शुक्रवार को पुजारी के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने भी प्रशासन के समक्ष अपना पक्ष रखा और कहा कि मंदिर क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।

पुजारी यति शिवानंद का कहना है कि पिछले काफी समय से पड़ोसी गांव का एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मंदिर प पहुंचकर उन्हें लगातार मंदिर छोड़ने की धमकियां दे रहा है, और धार्मिक गतिविधियों में भी व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है। कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों पर होगी।

एसडीएम लक्सर अनिल शुक्ला ने बताया कि पुजारी की शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच तहसीलदार लक्सर को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।