कानपुर, 17 जुलाई । राहुल गांधी का हिंदुत्व केवल चुनावी अवसरों तक सीमित है, जबकि अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर समाजवादी पार्टी की वास्तविक पहचान छिपाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश की जनता अब विपक्ष की राजनीति को समझ चुकी है। यह बातें शुक्रवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कानपुर में आयोजित मीडिया संवाद के दौरान कहीं।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इंडी गठबंधन के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब देश का भी विरोध करने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि धूमिल करने वाले बयान देते हैं, जबकि अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।