प्रयागराज, 21 जुलाई । प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन में किसी प्रकार की कमी न आए तथा डेयरी क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाए।
इसी क्रम में 5 अगस्त को प्रयागराज के विकास भवन में दुग्ध विकास योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता के लिए एक विशेष गोष्ठी आयोजित की जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में जनपद के डेयरी संचालक, दुग्ध विकास योजनाओं के लाभार्थी, पशुपालक, मुख्य विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भाग लेंगे।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रयागराज डॉ. शिवनाथ यादव बताया कि गोष्ठी का उद्देश्य दुग्ध विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना, पशुपालकों की समस्याओं का समाधान करना तथा आधुनिक डेयरी प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इससे अधिक से अधिक पशुपालक योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार की योजनाओं और तकनीकी सहयोग से दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा, पशुपालकों की आय में इजाफा होगा और प्रदेश की दुग्ध अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।