जबलपुर, 01 अगस्त । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शनिवार को जबलपुर दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीताल स्थित भाजपा संभागीय कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। इस दाैरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद आगे बढ़ने की कोशिश करने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें तितर-बितर कर दिया।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ता गोलबाजार से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे। प्रदर्शनकारी हाथों में “भाजपा हिसाब दो” लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे तथा डमरू और थालियां बजाकर विरोध दर्ज कराया। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत रास्ते में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्र किए गए चंदे से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा उठाया। विजय रजक ने आरोप लगाया कि चंदा संग्रह के दौरान सक्रिय रहने वाले भाजपा नेता अब इस मामले पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर से श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ चंदा दिया था, इसलिए उससे जुड़े किसी भी कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में जवाबदेही तय होना आवश्यक है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भाजपा कार्यालय सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को निर्धारित स्थान पर ही रोक दिया गया।