दतिया, 01 अगस्त । मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उप निर्वाचन के अंतर्गत सोमवार, 03 अगस्त को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दतिया में मतगणना होगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वनिल वानखेड़े ने बताया कि मतगणना की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
कलेक्टर वानखेड़े ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में मीडिया को बताया कि मतगणना प्रातः 8 बजे से डाक मतपत्रों की गणना के साथ प्रारंभ होगी। इसके उपरांत प्रातः 8:30 बजे से ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू की जाएगी। मतगणना के लिए कुल 20 काउंटिंग टेबल स्थापित की गई हैं, जबकि डाक मतपत्रों की गणना के लिए पृथक एक काउंटर बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि ईवीएम मतों की गणना कुल 15 चरणों (राउंड) में संपन्न होगी। प्रत्येक काउंटिंग टेबल पर तीन अधिकारियों-कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें एक काउंटिंग सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट तथा एक माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल रहेगा। संपूर्ण मतगणना कार्य में लगभग 350 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कलेक्टर ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर भी स्थापित किया गया है, जहां से वे मतगणना की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन में 71.42 प्रतिशत मतदान
गौरतलब है कि दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन 2026 के अंतर्गत गत 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस दौरान क्षेत्र में कुल 71.42 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 74.05, महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 68.49 तथा अन्य मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 50 प्रतिशत रहा।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, दतिया में दर्ज कुल 2,20,410 मतदाताओं में से कुल 1,57,414 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसका प्रतिशत 71.42 रहा। इनमें कुल 1,16,116 दर्ज पुरुष मतदाताओं में से 85,989 मतदाताओं, 1,04,284 महिला मतदाताओं में से 71,420 और 10 अन्य मतदाताओं में से 5 मतदाताओं ने मतदान किया।
मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के अंतर्गत 3 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली मतगणना की तैयारियों के क्रम में शनिवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक एवं माइक्रो ऑब्जर्वर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षय कुमार तेम्रवाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने मतगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर प्रोफेसर सुधीर पाण्डे, व्याख्याता मनोज द्विवेदी एवं डीईओ विधा मिश्रा ने मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया, ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित प्रावधानों, मतगणना टेबल पर किए जाने वाले कार्यों तथा मतगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में मतगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं का विस्तारपूर्वक अभ्यास भी कराया गया।