खूंटी , 05 अगस्त । तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने बुधवार को रनिया प्रखंड के बनई गांव पहुंचकर तेलंगाना में मृत मजदूर करमपाल सिंह के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए आर्थिक सहायता भी प्रदान की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि करमपाल सिंह गोवा में मजदूरी का काम करता था। काम के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। गांव लौटने के क्रम में तेलंगाना के एक रेलवे स्टेशन पर उसकी मौत हो गई। आर्थिक तंगी के कारण परिजनों को उसका शव घर लाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बेटे का शव मंगाने के लिए उसकी मां ललिता देवी को अपना खेत गिरवी रखना पड़ा। पांच दिनों की मशक्कत के बाद मंगलवार को करमपाल सिंह का शव बनई गांव पहुंचा, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक कोचे मुंडा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बनई गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की गलत नीतियों और संवेदनहीनता के कारण झारखंड के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध होते, तो लोगों को परिवार से दूर जाकर काम करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता और आवश्यक सरकारी लाभ उपलब्ध कराने की मांग भी की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बानेश्वर सिंह, कृष्ण पाल सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशीला देवी, राम लखन नाग सहित अन्य ग्रामीण सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।