देहरादून में नमो क्रिकेट लीग के उत्तराखंड संस्करण का शुभारंभ

Spread the love

देहरादून, 19 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो क्रिकेट लीग-2026’ के उत्तराखंड संस्करण का शनिवार को देहरादून में शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया और लीग का शुभारंभ किया।

आयोजकों के अनुसार, पांच राज्यों में आयोजित की जा रही इस लीग में करीब 3,200 टीमें और 50 हजार खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। लीग का उद्देश्य युवाओं को खेल प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में ‘नशे को ना, क्रिकेट को हाँ’ का संदेश दिया गया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेल और फिटनेस को जन आंदोलन का स्वरूप देकर देश के युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति उत्साह का संचार किया है। नमो क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में तरुण भण्डारी, पॉलिटिकल एडवाइजर, मुख्यमंत्री हरियाणा द्वारा प्रारंभ की गई यह लीग युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि ‘नशे को ना, क्रिकेट को हाँ’ का संदेश युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और समाज में स्वस्थ वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने लीग में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि लगभग 3,200 टीमों एवं 50 हजार खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन की व्यापकता और युवाओं के उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त भारत के निर्माण में यह अभियान महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में अमन बंसल, रंजीत सिंह मन्न, सुमित अदलखा, आदित्य विक्रम सिंह, अंशुल चावला, निलेश पाठक, जगदीश रेग्मी भाजपा मंडल महामंत्री किरण, सपना मल, ग्राम प्रधान भारती जवाडी, माया राणा सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

—-