कोडरमा, 05 अगस्त । जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने और अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशिष के निर्देश पर मंगलवार की रात कोडरमा थाना क्षेत्र के बाघीटांड़ स्थित होटलों एवं लॉजों में सघन जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान का नेतृत्व कोडरमा थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने किया। जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक-एक होटल में पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की पहचान का सत्यापन किया और होटल संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान पुलिस ने होटल रजिस्टर, ऑनलाइन बुकिंग रिकॉर्ड, आगंतुकों के पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जिन होटलों में रिकॉर्ड संधारण में कमियां मिलीं, वहां संचालकों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सभी होटल संचालक प्रत्येक आगंतुक का पूरा विवरण नियमित रूप से दर्ज करें।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने होटल संचालकों को निर्देश दिया कि बिना किसी वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध नहीं कराया जाए। प्रत्येक आगंतुक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पहचान पत्र का विवरण और ठहरने की अवधि का रिकॉर्ड अद्यतन रखा जाए। ऑनलाइन बुकिंग के मामलों में भी संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि होटल और लॉज अपराधियों या असामाजिक तत्वों के ठहरने का माध्यम न बनें, इसके लिए सभी संचालकों को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। यदि किसी होटल में बिना सत्यापन के व्यक्ति को ठहराने या रिकॉर्ड संधारित नहीं करने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर एसआई धनेश्वर कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशिष ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इसी के तहत होटल, लॉज, सार्वजनिक स्थलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रहे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।