उप्र के 28 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

Spread the love

प्रयागराज, 12 अगस्त । आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के 28 जनपदों में गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश के आसार है। ऐसा उप्र के मौसम विभाग लखनऊ ने चेतावनी जारी किया है। बारिश की संभावना को देखते हुए सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने किसानों एवं जनसामान्य को सावधानी से रहने की अपील किया है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के मुताबिक प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली और अमेठी में तेज आंधी के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के साथ हवा की गति करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।20 जिलों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश

उन्होंने बताया कि उप्र में आठ जनपदों के अलावा 20 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, इटावा, आगरा, कानपुर देहात, उन्नाव और औरैया शामिल हैं।

इस तरह तत्कालिक चेतावनी में कुल 20 जिलों को हल्की से मध्यम बारिश, बिजली और तेज हवाओं के लिहाज से सतर्क रहने को कहा गया है। इनमें से पहले समूह के आठ जिले अधिक सक्रिय मौसम की चेतावनी वाले हैं।

मौसम वैज्ञानिक बोले- स्थानीय स्तर पर तेजी से बदल सकता है मौसम

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, मानसून की सक्रियता और वातावरण में पर्याप्त नमी के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं। ऐसे में कम समय में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। डॉ. पांडेय ने कहा कि आंधी के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचना चाहिए तथा बिजली चमकने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। वातावरण में नमी बढ़ने पर कुछ इलाकों में तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।

किसानों को भी सतर्क रहने की जरूरत

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश और तेज हवा की स्थिति में किसानों को खेतों में खड़ी फसलों और तैयार उपज को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। बिजली चमकने के दौरान खेतों में काम करने से बचना और सुरक्षित स्थान पर रहना बेहतर होगा।