दीपावली तक नगर निगम चलाएगा विशेष सफाई अभियान

Spread the love

जयपुर, 01 अक्टूबर । नगर निगम जयपुर महापौर सुनील कोठारी ने गुरूवार को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर, जगतपुरा, झालाना एवं मालवीय नगर जोन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वच्छता योद्धाओं के साथ 5 घंटे से भी अधिक मैराथन बैठक लेकर जोन स्तर के प्रशासकीय ढांचे, राजस्व वृद्धि, सफाई व्यवस्था, सफाई से जुड़े संसाधनों एवं विकास कार्यो पर विस्तृत चर्चा की। महापौर ने बैठक में जोन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं नगर निगम से संबंधित कार्यों की बारीकी से समीक्षा कर अधिकारियों से जोनवार फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल सहित संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे। महापौर ने इस अवसर पर कहा कि जयपुर नगर निगम को जनता का निगम बनाया जाए, जनहित को प्राथमिकता दी जाए, आमजन को अनावश्यक चक्कर ना लगाना पड़े इसके लिए शिकायतों का प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जाए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मासिक बैठक आयोजित हो जिससे समस्याएं सुलझे और संवाद कायम हो। दीपावली तक वार्डवार विशेेष सफाई अभियान चलाया जाए। नवाचार के रूप में एक मंच पर अधिकारियों और वार्ड पार्षदों की बैठक आयोजित हो जिससे स्थानीय समस्याओं का निराकरण तत्काल रूप से हो सकेगा।

बैठक में स्थानीय पार्षदों ने भी केबल तार, हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशुप्रबंधन, अवैध अतिक्रमण संबंधित समस्याओं को उठाया महापौर ने अन्य सम्बन्धित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। महापौर ने बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों को मॉटिवेट कर कहा कि ”म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर” तभी बन पाएगा जब हम सब मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे। महापौर ने कहा कि सफाई का मतलब झाडू लगाना नहीं है बल्कि उस क्षेत्र को पूर्ण रूप से व्यवस्थित बनाना है। फुटपाथ आदि पर किसी भी प्रकार से कोई भी कचरा ना रहे, पेड़-पौधों की समय-समय पर कटाई छटाई होती रहे यह सुनिश्चित किया जाए। महापौर ने दीपावली पर्व के मध्यनजर सभी आवश्यक तैयारियों जैसे सफाई, विद्युत, सड़कों पर पेचवर्क, सड़कों पर पड़े सीएनडी वेस्ट को समय-समय पर हटाने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समय-समय पर साप्ताहिक सफाई अभियान वार्डवार चलाया जाये सभी मिलकर काम करेंगे तो जयपुर को बेहतर बना पाएंगे।