जिले के कुशेश्वरस्थान प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत फार्मासिस्ट दिलीप कुमार के असामयिक निधन से अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
बताया जाता है कि छठ पर्व पर छुट्टी लेकर घर गए दिलीप कुमार पांच दिन पूर्व ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही सीएचसी परिसर में शोकसभा आयोजित की गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दिवंगत फार्मासिस्ट के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा में चिकित्सा प्रभारी डॉ. सोहराब, स्वास्थ्य प्रबंधक विनय भूषण, डाटा ऑपरेटर राकेश मिश्रा, बीसीएम विक्की पासवान सहित सीएचसी के अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।