भाेपाल, 25 नवंबर । मध्य प्रदेश के धार जिले की गंधवानी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं स्थानीय विधायक उमंग सिंघार की ओर से बुधवार काे आयोजित दीपावली एवं नववर्ष 2027 मिलन समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से समारोह स्थल पर उत्सवी माहौल नजर आया। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, ढोल-मांदल की थाप और लोकनृत्य ने आयोजन को खास बना दिया।
उमंग सिंघार के समारोह स्थल पर पहुंचते ही लोगों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और ढोल-मांदल के साथ उनका स्वागत किया। अपने विधायक से मिलने और संवाद करने के लिए लोगों में उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान सिंघार ने क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की तथा सामूहिक भोज में भी शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह में गंधवानी विधानसभा परिवार से मिला स्नेह, अपनत्व और विश्वास उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि आज वे मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, तो इसके पीछे गंधवानी की जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास और आशीर्वाद है। सिंघार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने उन्हें जो ताकत दी है, उसी के बल पर वे गंधवानी के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लोगों की आवाज सड़क से लेकर विधानसभा तक उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं कहीं भी रहूं, गंधवानी मेरे दिल में बसता है। गंधवानी मेरा परिवार है और यहां के लोगों का प्यार, विश्वास और अपनापन ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने कहा कि इस मिलन समारोह ने आपसी रिश्तों और विश्वास को और मजबूत किया है। लोगों से मिले स्नेह और आत्मीयता के लिए उन्होंने सभी का आभार जताया।
समारोह में वरिष्ठ विधायक भंवर सिंह शेखावत, प्रताप ग्रेवाल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पोरलाल खरते, जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी और आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच दीपावली एवं नववर्ष मिलन समारोह संपन्न हुआ।