मंडी, 13 अगस्त । संस्कृति सदन मंडी में वीबीजीरामजी योजना के तहत ब्लॉक स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में 600 से अधिक नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के प्रावधानों, कार्यप्रणाली, पंचायतों की भूमिका तथा विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
सम्मेलन में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधानों, उप-प्रधानों, वार्ड पंचों, जूनियर इंजीनियरों, पंचायत सचिवों, तकनीकी सहायकों, ग्राम रोजगार सेवकों तथा पंचायत चौकीदारों ने सहभागिता की। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पंचायत स्तर पर वीबीजीरामजी के अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों, योजना के प्रावधानों और कार्यों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया से अवगत करवाया गया। योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सम्मेलन में उपस्थित नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि वे योजना की जानकारी को पंचायत स्तर तक पहुंचाते हुए इसे पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके और पात्र लोगों को इसका लाभ सुनिश्चित हो।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य धर्मपाल, दीपक शर्मा, परस राम एवं हेमलता, पंचायत समिति अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया, उपाध्यक्ष चंद्रमणि, जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र कुमार सहित विकास खंड सदर मंडी की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, उप-प्रधान, वार्ड पंच एवं संबंधित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।