प्रतापनगर विधानसभाा की ज्वलंत समस्याएं हल करने काे सीएम से मिले भजराम

Spread the love

नई टिहरी, 13 अगस्त । भाजपा पुस्तकालय एवं दस्तावेज विभाग के प्रदेश संयोजक भजराम पंवार ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर क्षेत्र की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ज्वलंत समस्याओं का सीएम घोषणा में शामिल कर प्रतापनगर के विकास में सहयोग की अपील की। पंवार ने सीएम को बताया कि वर्तमान में प्रतापनगर विधानसभा विकास के मामले में पीछे रह गई है। यहां कांग्रेस का विधायक हैं, लेकिन वह मूलभूत समस्याओं पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने सीएम से सीएचसी प्रतापनगर को उपजिला चिकित्सालय बनाने, भदूरा पट्टी की पेयजल समस्या के समाधान के लिए लाटा (चमियाला) से पंपिंग योजना का निर्माण, मुखेम को उपतहसील बनाने, समेंडीधार (ढुंग-मंदार) में आईटीआई की स्थापना, पीएचसी रजाखेत, समेंडीधार और कांडीखाल को सीएचसी में उच्चीकरण, ऐतिहासिक प्रतापनगर में इकोपार्क विकसित कर इस योजना के अंतर्गत भेलुंता से जाखणीखाल (रैका) तक सड़क निर्माण, खोलगढ़ से राजू की सारी-तहसील परिसर तक सड़क निर्माण, क्यार्की से किमखेत-रमोली तक सड़क शामिल हैं। वहीं डोबरा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए पैरवी करने की अपील की है। पंवार ने बताया कि सीएम धामी ने इन समस्याओं पर सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया है।