अजमेर, 27 अगस्त(हि.सं)। नगर निगम आम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर चुनावी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल भी मौजूद रहे।
इस बीच नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अन्तर्गत नगर निगम अजमेर के निर्वाचन के लिए पहले दिन एक नामांकन भरा गया। निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक व्यक्तियों ने गुरुवार 27 अगस्त को वार्ड संख्या एक से 20 के लिए 154 नाम निर्देशन पत्र, वार्ड संख्या 21 से 40 के लिए 119 नाम निर्देशन पत्र, वार्ड संख्या 41 से 60 के लिए 212 नाम निर्देशन पत्र तथा वार्ड संख्या 61 से 80 के लिए कुल 117 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए गए।
इसमें 4 एआरओ के माध्यम से विभिन्न वार्डवार नाम निर्देशन पत्रों का वितरण किया गया। सहायक रिर्टनिंग अधिकारी एवं उपखण्ड मजिस्ट्रेट पद्मा देवी ने बताया कि वार्ड संख्या 57 के लिए निर्दलीय उम्मीदवार प्रियंका गहलोत द्वारा नांमाकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान दलों की रवानगी से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। मतदान दलों में शामिल कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण भी समय पर और पूरी गंभीरता के साथ कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के बाद होने वाली मतगणना को लेकर भी अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम और मतगणना कक्ष के बीच आवागमन में किसी तरह का अवरोध नहीं होना चाहिए। मतगणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण भी समय पर पूरा कराया जाए।
अधिकारियों को चुनाव से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा सके।